जौरा में पूज्य मुनिराजों के सान्निध्य में तीर्थंकर सुपार्श्वनाथ का निर्वाण लाडू समर्पण आज
मुरैना ।। एनएमटी न्यूज़ एजेंसी |
दिगंबर जैन धर्मावलंबियों के लिए आध्यात्मिक उल्लास का अवसर — आगामी 08 जून, रविवार को दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र टिकटोली (दूमदार) में प्राचीन मूलनायक भगवान शांतिनाथ का महामस्तकाभिषेक पूज्य मुनिश्री विलोकसागर एवं मुनिश्री विबोधसागर महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।
🌿 मुनिराजों का भव्य मंगल प्रवेश टिकटोली में
संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज व आचार्य श्री आर्जवसागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य युगल मुनिराज इस समय मुरैना-जौरा क्षेत्र में धर्म प्रभावना कर रहे हैं।
आज, 7 जून को पूज्य मुनिराज शाम 5 बजे जौरा से पदविहार करते हुए टिकटोली तीर्थ हेतु प्रस्थान करेंगे, जबकि रात्रि विश्राम परसोटा मोड़ पर होगा।
08 जून को प्रातः 07 बजे टिकटोली क्षेत्र में उनका भव्य मंगल प्रवेश होगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
🚌 श्रद्धालुओं हेतु निशुल्क बस सेवा
पूज्य मुनिराजों के दर्शन हेतु मुरैना के बड़े जैन मंदिर से सुबह 06 बजे निशुल्क बस रवाना होगी, जो आहारचर्या उपरांत श्रद्धालुओं को वापिस मुरैना लौटाएगी।
🔔 शांतिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक
अतिशय क्षेत्र टिकटोली के महामंत्री ओमप्रकाश जैन जौरा ने जानकारी दी कि 1100 वर्ष प्राचीन शांतिनाथ जिनालय में 08 जून को प्रातः 08 बजे महामस्तकाभिषेक का आयोजन होगा।
इस पावन अवसर पर शांतिनाथ भगवान सहित समस्त जिनबिंबों का विशेष अभिषेक, पूजन एवं शांतिधारा होगी।
यह महामस्तकाभिषेक वार्षिक मेले के अवसर पर विशेष रूप से संपन्न किया जाता है। क्षेत्र कमेटी द्वारा सभी आगंतुकों के भोजन, आवास एवं मूलभूत सुविधाओं की संपूर्ण व्यवस्था की गई है।
📿 जौरा में मोक्ष कल्याणक महोत्सव
5 जून को जौरा में पूज्य मुनिराजों ने मंगल प्रवेश किया था।
आज 7 जून को पूज्यश्री के सान्निध्य में तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर निर्वाण लाडू समर्पण किया जाएगा एवं आहारचर्या-सामयिक के पश्चात शाम 5 बजे मुनिराज टिकटोली तीर्थ के लिए प्रस्थान करेंगे।
🕉️ भव्य स्वागत की तैयारी में जुटे श्रद्धालु
अतिशय क्षेत्र टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी (मुरैना) ने बताया कि मुनिराजों की अगवानी हेतु जैन मित्र मंडल मुरैना एवं अतिशय मित्र मंडल जौरा द्वारा विशेष योजना बनाई गई है।
गाजे-बाजे, पाद प्रक्षालन, आरती एवं श्रीफल समर्पण के साथ सीमाक्षेत्र में मुनिराजों की शोभायात्रा स्वरूप अगवानी होगी।
मुरैना, जौरा, बानमौर, अम्बाह, आगरा, धौलपुर आदि से सैकड़ों साधर्मी बंधु टिकटोली तीर्थ पर धर्मलाभ हेतु उपस्थित होंगे।
(मनोज जैन ‘नायक’)