समाज में हर्ष और उत्साह की लहर
खाचरोद । एनएमटी न्यूज़ एजेंसी |
खाचरोद में आज अध्यात्म के अग्रणी योगी, पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के परम प्रभावशाली शिष्य 108 मुनिश्री सद्भाव सागर जी महाराज एवं छुल्लक 105 श्री परमयोग सागर जी महाराज ससंघ का भव्य आगमन होने जा रहा है। खाचरोद जैन समाज द्वारा की गई विनती को महाराजजी ने स्वीकृति प्रदान की, जिससे समाज में उल्लास और श्रद्धा की लहर दौड़ गई है।
मुनिश्री सद्भाव सागर जी महाराज का परिचय
राजस्थान में जन्मे मुनि सद्भाव सागर महाराज ने बी.ई. (इलेक्ट्रॉनिक्स) की इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की, परंतु सांसारिक जीवन छोड़कर 6 अक्टूबर 2017 को इंदौर में पूज्य श्रमणाचार्य 108 विशुद्ध सागर जी महाराज से दीक्षा लेकर संत मार्ग अपनाया। लगभग 39 वर्षीय महाराजजी न केवल एक अध्यात्मिक व्यक्तित्व हैं, बल्कि वे हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती, मराठी, संस्कृत, प्राकृत एवं बागड़ी भाषा के भी पारंगत हैं।
महाराजजी के कुछ महत्वपूर्ण विचार हैं:
- नैतिक मूल्यों की गिरावट को धर्मभावना के द्वारा संतुलित किया जा सकता है।
- युवा पीढ़ी का भटकाव रोकने के लिए अच्छी संगति और शास्त्र अध्ययन आवश्यक हैं।
- लव जिहाद जैसे दुष्प्रवृत्तियों से बचाव हेतु माता-पिता को सतर्क रहने की सलाह दी।
- देश पर हुए आक्रमणों का जवाब राजनेताओं के पराक्रम से दिया गया।
- बागेश्वर धाम की महत्ता पूर्व जन्म के पुण्य और यश-कीर्ति के उदय का प्रमाण है।
महाराजजी ने ‘अध्येता’ (संस्मरण), ‘रूर का शूर’ (कॉमिक्स रचना) एवं ‘सोनगिरि से सम्मेद शिखर यात्रा वृतांत’ जैसी महत्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखी हैं।
भव्य आगमन और आयोजन
मुनिश्री सद्भाव सागर जी महाराज का आगमन आज 9 जून 2025 को सुबह 8:30 बजे बतख चौराहा पर होगा। दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष नरेंद्र सेठी के अनुसार, महाराजजी ने रविवार शाम नागदा से भीकमपुर की ओर 10 किलोमीटर का विहार किया। भीकमपुर में रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह वहां भूगर्भ से निकली प्रतिमाओं का अभिषेक और शांतिधारा सम्पन्न होगी, तत्पश्चात वे खाचरोद की ओर प्रस्थान करेंगे।
खाचरोद आगमन पर, विक्रम मार्ग स्थित पारसनाथ मंदिर में महाराजजी के वचनों से नगर की शांति हेतु शांतिधारा का आयोजन होगा। उसके बाद मंदिर प्रांगण में प्रवचन और शाम को भक्ति आयोजन भी रखा गया है।
समाज में उत्साह और श्रद्धा
नरेंद्र सेठी ने बताया कि समाज के कई प्रमुख सदस्य जैसे प्रदीप बड़जात्या, अनिल बड़जात्या, सुनील बड़जात्या, दिलीप बड़जात्या, संजय बड़जात्या, दिलीप जैन, विजय सेठी, अभय सेठी, विमल सेठी, जितेंद्र जैन सहित अन्य गणमान्यजन महाराजजी से विनती करने के लिए उपस्थित थे। खाचरोद जैन समाज में महाराजजी के आगमन को लेकर भारी उत्साह का माहौल है और सभी उनके पावन सानिध्य में आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
(हेमंत चोपडा)