पाटण नगर में मुनिराज श्री चारित्ररत्नविजयजी महाराज आदि ठाणा का भव्य पदार्पण

ब्रजेश बोहरा / जीवनलाल जैन की विशेष रिपोर्ट
पाटण (गुजरात), 15 जून 2025 |
श्री सौधर्म बृहत्तपागच्छीय आचार्य परमेष्ठी श्रीमद् विजय जयंतसेनसूरीश्वरजी महाराज के शिष्य मुनिराज श्री चारित्ररत्नविजयजी महाराज एवं मुनिराज श्री अजीतसेनविजयजी महाराज आदि ठाणा का आज गुजरात के ऐतिहासिक नगर पाटण में मंगलमय पदार्पण हुआ। इस पावन अवसर पर नगर में शोभायात्रा, धर्मसभा एवं अनेक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पाटण त्रिस्तुतिक जैन संघ, नगर के अन्य जैन संघों तथा जैनेतर समाज के श्रद्धालुजनों ने अपनी आस्था एवं श्रद्धा से कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। शोभायात्रा में मुनि भगवंतों के स्वागत हेतु नगरवासियों ने पुष्पवृष्टि कर अध्यात्ममय वातावरण का निर्माण किया। धर्मसभा में मुनिराज श्री चारित्ररत्नविजयजी महाराज एवं मुनिराज श्री अजीतसेनविजयजी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से धर्म की महत्ता, संयम की साधना एवं समाज में एकता और समरसता के संदेश को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।

धर्मसभा में पंडितवर्य प्रवीणभाई तथा जैन संघ के वरिष्ठ सदस्य धीरुभाई ने भी उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि —

“पाटण जैसे नगर में जहां त्रिस्तुतिक संघ के वर्तमान में मात्र तीन घर हैं, वहाँ इतने व्यापक स्तर पर मुनिराज श्री का स्वागत इस बात का प्रमाण है कि आध्यात्मिक भावनाएं, जातीय सीमाओं से परे जाकर समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं।”

यह भी विशेष उल्लेखनीय रहा कि मुनिराज श्री की पूर्व स्थिरता के दौरान जो समरसता, धार्मिक चेतना और सामाजिक एकता का वातावरण पाटण में बना था, उसी का प्रभाव रहा कि आज पुनः उनके पदार्पण पर पाटण की जैन समाज के साथ-साथ जैनेतर समाज ने भी भारी संख्या में भागीदारी निभाई।

दिनभर उपास्रय में मुनिराज श्री के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। नगर के कोने-कोने से श्रद्धालुजन धर्मलाभ लेने पहुँचे और उनके संयम दर्शन से स्वयं को कृतार्थ किया।

इस भव्य अवसर ने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची श्रद्धा, समर्पण और अध्यात्म की भावना जाति-पंथ से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने में सक्षम है। पाटण नगर एक बार फिर से धर्म, अहिंसा और समरसता के पथ पर अग्रसर हुआ।

 

admin

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *