संघवी बोले – “पदाधिकारियों की वाणी में वीणा की झंकार होनी चाहिए”
संस्था करेगी ‘विधवा नहीं, वीरांगना’ अभियान और केंसर निवारण शिविर का आयोजन
भावेश हरण, जावरा।
श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति जावरा के नवीन संचालक मंडल और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य और नए अंदाज में संपन्न हुआ। शपथ अधिकारी श्री आनंदीलाल संघवी ने मंच संचालन करते हुए एक प्रेरणादायक शैली में सभी पदाधिकारियों और दंपति सदस्यों को शपथ दिलाई।
समारोह में संघवी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि संस्था एक शरीर की तरह होती है – अध्यक्ष उसका मस्तिष्क, सचिव उसके हाथ, कोषाध्यक्ष उसका हृदय, और सभी सदस्य रक्त समान हैं, जो इस संगठन को जीवंत बनाते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा –
“आपकी वाणी में वीणा की झंकार होनी चाहिए, विचारों में उत्साह का संचार और व्यवहार में सावन की फुहार का एहसास होना चाहिए।”
सेवा के नए संकल्प और सामाजिक सरोकार
अध्यक्ष अभय सुराणा ने संस्था की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्था ने जीवदया, साधर्मी सेवा, शिक्षा, चिकित्सा आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इस वर्ष संस्था का फोकस वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटीजन कार्ड, और मुंबई से विशेषज्ञ टीम के साथ वृहद केंसर निवारण शिविर के आयोजन पर रहेगा।
एक क्रांतिकारी सोच के साथ सुराणा ने घोषणा की कि समाज की विधवा महिलाओं को अब ‘विधवा नहीं, वीरांगना’ कहकर संबोधित किया जाएगा और उन्हें संस्था की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इस विचार को साकार करने के प्रतीक रूप में श्रीमती मधु जैन का सम्मान श्रीमती रेखा सुराणा द्वारा किया गया।
साहित्यिक गरिमा और सामाजिक प्रेरणा
कार्यक्रम के विशेष अतिथि डॉ. सी.एम. मेहता ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “यह संगठन सेवा का सच्चा उदाहरण है और इसके अध्यक्ष अभय सुराणा के नेतृत्व में अद्वितीय कार्य हो रहे हैं।” उन्होंने अपने साहित्यिक प्रस्तुति और काव्य पाठ से सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशेष अतिथि नेमीचंद जैन ने भी समिति को शुभकामनाएँ दीं। समिति की प्रेरणा से अशोक मेहता, दिनेश सुराणा, राजकुमार धोका, महेंद्र कोलन, समरथमल एडवोकेट और देवेंद्र धारीवाल ने भी शपथ ग्रहण की।
शपथ लेने वाले पदाधिकारी:
- अध्यक्ष : अभय सुराणा
- उपाध्यक्ष : पुखराज पटवा
- सचिव : राजकुमार हरण
- सह-सचिव : संजय सुराणा
- कोषाध्यक्ष : शेखर नाहर
- सह-कोषाध्यक्ष : सरदारमल चोरड़िया
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती पुष्पा चपड़ोद के मंगलाचरण और श्रीमती चंचल पटवा की प्रार्थना से हुआ। दीप प्रज्वलन और भगवान महावीर के चित्र पर माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत पूर्व अध्यक्ष बसंतीलाल चपड़ोद, नरेंद्र संघवी, अनिल श्रीश्रीमाल, सुरेश सुराणा आदि ने किया। नवीन सकलेचा ने संस्था का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
ज्ञानवर्धक प्रश्न मंच और राष्ट्रगान से समापन
अभय सुराणा द्वारा संचालित रोचक प्रश्न मंच में सही उत्तर देने वाले सभी प्रतिभागियों को अभय भंडारी रामकली चाय वालों की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन पुखराज पटवा ने किया।
सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ जिसमें अनेक दंपति सदस्यों सहित समाज के गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।