इंदौर, 24 अप्रैल 2025 | एनएमटी न्यूज़ एजेंसी
अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद्, शाखा इंदौर द्वारा राष्ट्रसंत पुण्य सम्राट श्रीमद्विजय जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. की 8वीं पुण्यतिथि पर, जिसे सम्पूर्ण त्रिस्तुतिक जैन समाज पुण्य सप्तमी के रूप में मनाता है, एक विशेष धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया।
यह आयोजन राजेन्द्र आराधना भवन, कुँअर मंडली पर संपन्न हुआ, जिसमें सामूहिक सामायिक एवं गुरु गुणानुवाद सभा प्रमुख कार्यक्रम रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य गुरुदेव श्रीमद्विजय राजेन्द्र सूरीश्वरजी म.सा. एवं पुण्य सम्राट श्रीमद्विजय जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. के चित्रों पर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अनिल सकलेचा एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नरेंद्र सुराणा द्वारा माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर भक्तामर स्तोत्र, गुरु गुण इक्कीसा तथा जयंतसेन इक्कीसा का भावपूर्ण पाठ किया गया। इसके पश्चात् ट्रस्ट मंडल के संरक्षक शशिकांत सकलेचा, सचिव महेन्द्र जैन बागवाला तथा परिषद के पूर्व अध्यक्ष नीरज सुराणा ने पुण्य सम्राट के जीवन व कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
नवकारसी का लाभ शांतिलाल गजेन्द्र कुमार सकलेचा परिवार ने प्राप्त किया तथा कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्था अध्यक्ष जैन नरेंद्र राठौर ने किया।
इस आयोजन में श्रीसंघ, नवयुवक परिषद, महिला एवं बहू परिषद तथा महिला मंडल के सैकड़ों श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी परिषद सचिव शैलेन्द्र सुराणा द्वारा दी गई।
महावीर संदेश | दीपक दुग्गड़ |