पंच दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत चल रहे भव्य आयोजन
पिपलौदा, 03 मई 2025 | एनएमटी न्यूज़ एजेंसी
तहसील के ग्राम रियावन नगर में भगवान महावीर स्वामी जिनालय के पंच दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव के द्वितीय दिन प्रातः आठ बजे आचार्य विश्वरत्न सागर सुरीश्वर म.सा. का भव्य वरघोड़े के साथ नगर में मंगल प्रवेश हुआ। यह यात्रा नवीन जिनालय से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल स्थित क्षत्रिय कुंड नगरी पहुंची। यात्रा के दौरान साधु-साध्वी भगवंतों के साथ भव्य धूमधाम से नगरवासियों ने आचार्य का स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित विधिकारक मनीष मेहता, नागेश्वर जैन, योगेश मेहता ने संगीत प्रस्तुतियों से माहौल को भक्ति मय बना दिया। साथ ही, कार्यक्रम में ध्वजा दंड, कलश, गौतम स्वामी, नाकोडा भेरूजी के अठारह अभिषेक के चढ़ावे की बोली भी लगाई गई, जिसमें लाभार्थियों ने अपना योगदान दिया।
प्रवचन में आचार्य का संदेश
इसके पश्चात आचार्य विश्वरत्न सागर सुरीश्वर म.सा. ने प्रवचन में आत्मा से परमात्मा बनने के सर्वोत्तम मार्ग पर विस्तार से व्याख्यान दिया। आचार्य ने बताया कि परमात्मा से जुड़कर, प्रभु भक्ति में लिन होकर और बिना राग द्वेष के धर्म आराधना करना अब सबसे उपयुक्त समय है।
आयोजन के अन्य प्रमुख कार्य
प्रवचन के बाद दोपहर में भगवान महावीर स्वामी जिनालय में नंद्यावर्त पूजन और अठारह अभिषेक का मंगल कार्य विधान हुआ। इसके बाद रात्रि में महिला मंडल द्वारा सांझी और भव्य प्रभु भक्ति का आयोजन किया गया। संगीतकार विधिकारक मनीष मेहता, नागेश्वर जैन और योगेश मेहता ने प्रभु भक्तों को परमात्मा के भजनों पर देर रात तक झुमाया और भक्ति के रंगों में डुबो दिया।
प्रतिष्ठा महोत्सव के तृतीय दिन
आज, प्रतिष्ठा महोत्सव के तृतीय दिन शनिवार को प्रातः देवी हवन और परमात्मा की भव्य रथ यात्रा भगवान महावीर स्वामी जिनालय से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए क्षत्रिय कुंड नगरी पहुंचेगी। यहां पर धर्म आराधना के साथ ही प्रतिष्ठा महोत्सव के चढ़ावे भी बोले जाएंगे। रात्रि में संगीतकार लाला मस्ताना द्वारा भव्य प्रभु भक्ति का आयोजन किया जाएगा।
महावीर संदेश – प्रफुल जैन