मक्सी। | एनएमटी न्यूज़ एजेंसी | तप और त्याग की धरती, जैन तीर्थ मक्सीजी शुक्रवार को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक पल का साक्षी बनने जा रही है। युवा हृदय सम्राट, पूज्य आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वर म.सा. आदि ठाणा 8 के पावन सान्निध्य में उनके शिष्य श्री सिद्धरत्न सागर म.सा. का दीक्षा के पश्चात प्रथम नगर आगमन होगा। साथ ही, कीर्तिरत्न सागर म.सा. भी इस दिव्य यात्रा में सहवर्ती रहेंगे।
यह नगर गौरव का क्षण है, जब मक्सी में जन्मे नितेश संघवी, जिन्होंने सांसारिक जीवन का त्याग कर 13 नवंबर 2022 को मुंबई गोरेगांव में दीक्षा ग्रहण की थी, अब बतौर संत सिद्धरत्न सागर म.सा. अपने जन्मस्थली नगर में प्रथम आगमन करेंगे।
दो दिवसीय धार्मिक आयोजनों का रहेगा विशेष क्रम
शुक्रवार को नगर में भव्य स्वागत यात्रा निकाली जाएगी जो मंदिर तक पहुंचेगी। मार्ग पुष्पवर्षा, भजन मंडली और भक्तों की भक्ति के रंग से सराबोर रहेगा।
दोपहर में महेंद्र बोहरा एवं परिवार द्वारा अठारह अभिषेक पूजन का आयोजन होगा।
रात्रि 8 बजे पूरे नगर वासियों के लिए सर्वसमाज प्रवचन होंगे, जिसमें संतवाणी के माध्यम से धर्म, संयम और आत्मकल्याण का संदेश दिया जाएगा।
शनिवार को मणिभद्र देव का महाहवन होगा, जिसका लाभ गौरव शांतिलाल कोठारी परिवार द्वारा लिया गया है।
दोनों रात्रियों में श्री सिद्धरत्न सागर म.सा. की सांसारिक बहन व संघवी परिवार द्वारा चौबीसी पूजन का आयोजन होगा।
नगर में उमंग और गौरव का वातावरण
नगर के नागरिकों, जैन श्री संघ, नवरत्न परिवार, हिंदू उत्सव समिति एवं समस्त समाजजन में संत दर्शन के प्रति गहरा उत्साह देखा जा रहा है। नगर को तोरण द्वारों, रंगोली, एवं स्वागत पोस्टरों से सजाया जा रहा है।
धर्म ही जीवन का सार : सिद्धरत्न सागर म.सा. की जीवन यात्रा
मक्सी के मूल निवासी श्री छगनलाल संघवी के सुपुत्र नितेश संघवी ने बचपन से ही धर्म में विशेष रुचि दिखाई। गुरु-आज्ञा और परिवार की सहमति से दीक्षा का संकल्प लेकर संतत्व का मार्ग अपनाया और आज वे संतों की पंक्ति में मक्सी का नाम रोशन कर रहे हैं।
निवेदन
जैन श्री संघ मक्सी एवं समस्त आयोजन समिति ने नगर के समस्त श्रद्धालुओं व समाजजनों से आग्रह किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें।
महावीर सन्देश – प्रितेश ओसतवाल